भरतपुर , अप्रैल 21 -- राजस्थान में भरतपुर के भुसावर थाना क्षेत्र में महावीर स्टोन क्रेशर मालपुर से सोमवार देर रात बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक युवक को अगुवा कर उसके साथ मारपीट की और नकदी छीन ली।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बोलेरो वाहन में आये करीब छह बदमाश रात में मुकट गुर्जर को उसके स्टोन क्रेशर से हथियारों के बल पर अगुवा कर ले गए। बदमाशों ने सिद्ध बाबा की पहाड़ियों के जंगलों में ले जाकर युवक से मारपीट की और यातना देते हुए माचिस की तीलियों से जगह-जगह से जलाया। जेब में रखे 58 हजार रुपये छीन लिये। उसके बाद मोबाइल लूटने के साथ फोन-पे का पासवर्ड पूछकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करवाया। बदमाश युवक को अधमरा करके 25 लाख रुपये की फिरौती मांगकर फरार हो गए।
बाद में पुलिस ने मुकट गुर्जर को मंगलवार सुबह सिद्ध बाबा की पहाड़ियों के जंगलों से बरामद कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया । पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित