श्रीगंगानगर , जून 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में दो गाड़ियों में आए 10 से अधिक युवकों के एक युवक को अगवा करके बुरी तरह से मारपीट करके नहर में फेंक देने की घटना सामने आई है।

पुलिस ने नहर पर पहुंचकर इस युवक को बचाया और अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के पीछे एक लड़की के कथित अपहरण का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने अगवा किए गए युवक अर्जुन कुम्हार की शिकायत के आधार पर जगदीश, राकेश, संदीप, मनदीप, राजेश, रोशन और अन्य के खिलाफ अपहरण और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

अर्जुन ने पुलिस को बताया कि वह 18 जून की रात को अपने चाचा के घर पर था। तभी उक्त आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर आए। उन्होंने उसके चाचा की मोटरसाइकिल तोड़ दी और मारपीट करते हुए उसे जबरन अपने साथ गाड़ी में डालकर ले गए। रास्ते में उससे मारपीट करते रहे। तड़के करीब तीन तीन बजे उसे कमीनपुरा के पास नहर में फेंक दिया। तभी वहां पुलिस आ गई और उसे बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित