धार , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमंडल में युवक से बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दो और वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम बरमंडल में शुक्रवार को एक युवक के हाथ बांधकर उसकी पिटाई किए जाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया।

सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने बताया कि फरियादी दीपक मारू निवासी बरखेड़ा की शिकायत पर राजोद थाना पुलिस ने विक्रम पिता मांगीलाल, देवीलाल पिता रामनारायण, मांगीलाल पिता लक्ष्मण, शंकर पिता चम्पालाल तथा कान्हा पिता मांगीलाल, सभी निवासी बरमंडल, के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गलत नीयत से घर में घुसने के संदेह में युवक के साथ मारपीट की थी और उल्टा फरियादी के खिलाफ ही थाने में मामला दर्ज करा दिया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार रात ही विक्रम, मांगीलाल व शंकर को गिरफ्तार कर लिया।

शनिवार को वायरल हुए दो अन्य वीडियो में भी आरोपी युवक के साथ मारपीट करते और युवक को गिड़गिड़ाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित