ग्वालियर , सितंबर 26 -- मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जिले में रोजाना दो से तीन मामले दर्ज हो रहे हैं।
इसी क्रम में साइबर ठगों ने हजीरा थाना क्षेत्र के गदाईपुरा निवासी एक युवक के बैंक खाते से 99 हजार रुपये पार कर दिए। ठगी का पता उस समय चला, जब युवक के मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आया। पीड़ित की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हजीरा थाना क्षेत्र के विजय नगर, पांडे वाली गली, गदाईपुरा निवासी 29 वर्षीय सचिन प्रताप धाकरे पुत्र बृजेंद्र सिंह धाकरे निजी नौकरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि नौ सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे उसके बैंक ऑफ इंडिया के खाते से अचानक 99 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। मैसेज देखकर वह हैरान रह गया, क्योंकि उसने न तो किसी को भुगतान किया था और न ही उसके पास किसी तरह का कॉल या मैसेज आया था।
सचिन ने बताया कि उसके खाते में करीब एक लाख पांच हजार रुपये थे। साइबर ठगों ने 99 हजार रुपये निकालकर खाते में केवल छह हजार रुपये छोड़े। अगले दिन उसने बैंक पहुंचकर खाते में बचे रुपये को ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। इसके बाद हजीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित