जैसलमेर , जुलाई 19 -- राजस्थान में जैसलमेर जिले के नाचना थाना क्षेत्र में एक युवक की नाक, कान काटने का मामला सामने आया है।
थानाधिकारी सुमेर दान ने रविवार को बताया जिले के पांचे तला गांव निवासी दायम खां पर शनिवार को उसी के रिश्तेदारों ने हमला कर दिया। धारदार हथियार से उसके नाक एवं कान काट दिये और लाठियों से हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे गम्भीर हालत में नाचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया था। यहां से उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। पीड़ित के परिजनों ने अजीज खां, नजीर खां, पिसरान, बक्सू खान और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। इनकी तलाश की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दायम खां अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर अजीज खां, नजीर खां पिसरान और बक्सू खान लाठियां और चाकू लेकर आये। उनके साथ अन्य लोग भी थे।
इन लोगों ने दायम खां को पकड़ लिया और चाकू से दायम का नाक और कान काट डाले। इसके बाद लाठियों से पीट-पीटकर कर एक हाथ और एक पैर तोड़ डाला। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें देखकर हमलावर फरार हो गये।
श्री सुमेरदान ने बताया इस घटना के संबंध मुख्य आरोपी अजीज खान सहित दो आरोपियों को फिलहाल हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित