जालौन , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को थाना सिरसाकलार क्षेत्र के ग्राम मऊ खुर्द में एक व्यक्ति ने अपने खेत में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली जिससे उसकी मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज डायल 112 पर सूचना मिली कि ग्राम मऊ खुर्द निवासी ओंकार सिंह (58) पुत्र जगराम सिंह अपने खेत पर पेट्रोल लेकर पहुंचे और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन गंभीर हालत में उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी जालौन शैलेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक जांच एवं अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित