बैतूल , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम धामोरी में हुए हत्या प्रकरण का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सात नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद, विशेष रूप से आरोपी पक्ष की मां से हुए झगड़े के बाद यह घटना हुई। आरोपियों ने मिलकर उमेश शोभनाते उर्फ गोलू (40) की धारदार हथियार से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल को सावंगी रोड पर उमेश घायल अवस्था में मिला था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट और गले पर चाकू के गहरे घाव तथा शरीर पर अन्य चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर सभी सात नाबालिगों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित