बैतूल , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।

मंगलवार रात तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार ग्राम सोहागपुर ढाना निवासी 22 वर्षीय देवेश वर्मा 13 मार्च को जामपानी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इस दौरान पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। घटना से आहत होकर देवेश घर लौटा और कथित तौर पर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देवेश मंडीदीप स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था और होली के अवकाश पर अपने गांव आया हुआ था।

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया, तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। वे शव को शाहपुर में सड़क पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर एसडीएम प्रांजल आर, तहसीलदार और थाना प्रभारी अरविंद कुमरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित