सिवनी , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए शव रखकर चक्काजाम किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय रामचरण ईरपचे की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं तथा समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लखनादौन-मंडला मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना मिलने पर घंसौर थाना पुलिस, एसडीओपी, एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया। स्थानीय लोगों ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार, पर्याप्त एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित