संतकबीरनगर , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीर नगर जिले में थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक युवक की बीच बाजार चौराहे पर तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई।

पांच दिन पहले एक शादी समारोह में आरोपी ने युवक की भांजी से छेड़छाड़ की थी। इसका विरोध करते हुए युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश में हत्या की गई। बीती देर रात जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर बखिरा थाना क्षेत्र में युवक घर लौट रहा था, तभी आरोपी अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसे घेर लिया। इसके बाद गले पर तलवार से वार कर दिया। हमला इतना तेज था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गुमटी और घर में आग लगा दी। हालात बिगड़ने पर तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी। पुलिस जब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी, तो गुस्साए परिजनों ने एंबुलेंस रोकने की कोशिश की और पुलिस से धक्का-मुक्की की। एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं लाठियां लेकर सड़क पर उतर आईं। महिलाओं ने लाठियां पटककर प्रदर्शन किया और आरोपी के एनकाउंटर की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि बखिरा थाना क्षेत्र के कोलकी चमरसन गांव निवासी आनंद (30) टाइल्स लगाने का काम करता था। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि आनंद मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर शाम करीब सात बजे आया था। मशीन देने के बाद वह कुछ सामान खरीदकर काफी देर तक चौराहे पर रहा। फिर देर रात वह घर लौट रहा था। इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली (18) अपने 4-5 साथियों के साथ वहां पहुंचा। एक साथी ने उसे तलवार थमा दी। फिर उसने तलवार से आनंद की गर्दन पर वार कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए।

रोहित के अनुसार, मुख्य आरोपी नासिर अली है, जबकि तलवार देने वाला व्यक्ति जिवधरा गांव का रहने वाला है। हत्या के बाद उसके साथ दो अन्य लोग हथियार को साफ कर साक्ष्य मिटाने में सहयोग करते दिखे। उन्होंने बताया कि इस वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने बभनी चौराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इस दौरान आरोपी नासिर की गुमटी और घर में आग लगा दी। सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वह स्वयं (एसपी संदीप कुमार मीना) मौके पर पहुंचे और गुस्साए ग्रामीणों को समझाया और शांत कराया। देर रात एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी और डीएम आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी नासिर अली और उसके साथियों की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं।

बताया जा रहा है कि नासिर और आनंद के घरों के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी है। एडीजी अशोक मुथा जैन ने बताया कि युवक बाजार में सामान खरीदने के लिए रुका था। उसी दौरान उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में शादी समारोह में हुए विवाद का मामला सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में मुख्य आरोपी नासिर की नाई दुकान और उसके सहयोगियों की चिकन शॉप पर शुक्रवार दोपहर बुलडोजर कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित