मुरैना , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ सो रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना कल रात लगभग तीन बजे की है। लवकुश माहौर (25) सूरत, गुजरात में कार्यरत था और बारह दिन पहले ही अपने गांव सिहोनिया पुत्र जन्म की खुशी एवं होली मनाने आया था। घटना की रात वह अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहा था, जबकि परिजन बाहर सोए हुए थे।
रात करीब तीन बजे कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई देने पर परिजनों ने दरवाजा खुलवाया तो लवकुश खून से लथपथ पड़ा मिला। उसकी कनपटी पर गोली लगने का निशान था। सूचना मिलने पर पुलिस एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को घटनास्थल से टूटी हुई चूड़ियां मिली हैं, जिससे प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि एक पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा था और उसी ने गोली मारकर हत्या की है। उसका कहना है कि संदिग्ध की चप्पल छत पर मिली है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित