भिण्ड , मई 31 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में करीब 25 दिन से लापता एक युवक का कंकाल आज सिंध नदी किनारे रेत खदान के पास से बरामद किया गया। पुलिस मामले की जांच हत्या के दृष्टिकोण से कर रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार गोरमी थाना क्षेत्र के सिकरौदा गांव निवासी 20 वर्षीय पिंटू पांच मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर 10 मई को गोरमी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू करते हुए उसके मोबाइल फोन की काल विवरणी और लोकेशन की जांच की।
जांच में सामने आया कि लापता होने के दिन पिंटू पहले भिण्ड आया था और बाद में अपने कुछ दोस्तों के साथ रौन क्षेत्र पहुंचा था। यहां पार्टी करने की जानकारी भी पुलिस को मिली। पूछताछ के दौरान कुछ लोगों पर संदेह गहराने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई।
पुलिस को सूचना मिली कि युवक के शव को रौन थाना क्षेत्र के इंदुर्खी गांव स्थित सिंध नदी किनारे रेत में दबाया गया है। इसके बाद गोरमी और रौन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान रेत के ढेर में दबा सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जो लंबे समय तक दबे रहने और जंगली जानवरों द्वारा नोचे जाने के कारण कंकाल अवस्था में पहुंच चुका था।
पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया है। रौन थाना प्रभारी राजवीर गुर्जर ने बताया कि गोरमी थाना पुलिस गुमशुदगी मामले की जांच के सिलसिले में यहां पहुंची थी और रेत में दबा शव बरामद किया गया है। आगे की कार्रवाई गोरमी थाना पुलिस कर रही है।
गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने बताया कि गुमशुदगी की जांच के दौरान एक कंकाल बरामद हुआ है। परीक्षण कराया गया है तथा वैज्ञानिक जांच और परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित