ग्वालियर , अगस्त 01 -- मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस प्रदेश व्यापी भर्ती दो , मध्यप्रदेश बचाओं अभियान की शुरुआत करेगी।
यह जानकारी शनिवार को भारतीय युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह ने पत्रकारों को दी। उन्हाेंने बताया कि यह अभियान भी छात्रों की गूंज के तहत ही मध्यप्रदेश में चलाया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि 2023 में विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने युवाओं को बडे पैमाने पर सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। उन्हाेंने बताया कि आज भी राज्य के विभिन्न विभागों में लगभग दो लाख से अधिक पद खाली है, जबकि लाखों अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों का इंतजार कर रहे है। उन्हाेंने कहा कि इसलिये अब समय आ गया है कि सरकार अपने वादों को पूरा करे और सभी रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करे।
श्री मितेन्द्र सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत युवक कांग्रेस प्रत्येक जिले में छात्रों से संवाद करेगी, वहीं हस्ताक्षर अभियान, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द ही रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू नहीं करेगी तो भर्ती दो, मध्यप्रदेश बचाओ अभियान को और तेज करते हुये पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि छात्रों की गुंज कार्यक्रम का व्यापक असर प्रदेश में युवाओं के सामने दिखाई दे रहा है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद नर्सिंग छात्र नरेन्द्र कुमार ने बताया कि सरकार की लेतलाली के चलते नर्सिंग के छात्र परेशान हो रहे है। और ना तो उनकी परीक्षा हो पाई है और ना ही परिणाम घोषित। पत्रकार वार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय यादव, मीडिया प्रभारी कुलदीप यादव सहित नर्सिंग छात्र नरेन्द्र कुमार आदि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित