, March 3 -- तेहरान, 03 मार्च (शिन्हुआ/ वार्ता) ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने मंगलवार को कहा कि युद्ध समाप्ति का एकमात्र तरीका ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की आक्रामकता को रोकना है।

उन्होंने यह टिप्पणी तेहरान के एक स्कूल में आयोजित साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में की, जो हाल ही में अमेरिका और इजरायल के हमलों में क्षतिग्रस्तहो गया था। उन्होंने यह बात युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान की पूर्व शर्तों पर टिप्पणी करते हुए कही।

श्री बगाई ने कहा, " यह सैन्य आक्रमण हमारी पसंद नहीं थी। हमारी पसंद हमेशा कूटनीति रही है।" उन्होंने कहा कि ईरान के राजनयिक तंत्र ने सरकार के समर्थन से कूटनीति का मार्ग साहसपूर्वक जारी रखा और युद्ध को टालने के लिए अंतिम क्षण तक हर संभव प्रयास किया, लेकिन दूसरे पक्ष ने युद्ध शुरू करने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, " इस युद्ध को रोकने का तरीका आक्रामकता को रोकना है। इसकी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की जिम्मेदारी है।"श्री बगाई ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को देर होने से पहले और पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध का दायरा बढ़ने से पहले निर्णय लेना होगा।

कुछ अरब देशों द्वारा अमेरिका के साथ ईरान विरोधी गठबंधन बनाने की संभावना पर उन्होंने कहा कि तेहरान की सैद्धांतिक नीति अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाये रखना है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अमेरिका के खिलाफ ईरान की कार्रवाई किसी भी तरह से क्षेत्रीय देशों के प्रति शत्रुता का संकेत नहीं है।

श्री बगाई ने कहा कि ईरान पर अन्यायपूर्ण और बिना किसी कारण के हमला किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गयी तो युद्ध की आग हर जगह फैल जाएगा।

शनिवार सुबह, तेहरान और ईरान के अन्य शहरों पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के साथ-साथ उनके परिवार के कुछ सदस्य, वरिष्ठ सैन्य कमांडर और नागरिक मारे गये। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई चरणों में मिसाइल और ड्रोन हमले किये, जिनमें इजरायल और पश्चिम एशिया स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित