मुंबई , अप्रैल 08 -- अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्ध विराम की घोषणा से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली और बीएसई का सेंसेक्स चार फीसदी उछलकर लगभग एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की शुरुआत सुबह 2,674 अंक की मजबूती के साथ हुई। पूरे दिन अंत में यह 2,946.32 अंक (3.95 प्रतिशत) ऊपर 77,562.90 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 873.70 अंक यानी 3.78 फीसदी की तेजी में 23,997.35 अंक पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 10 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।
अमेरिका और ईरान में दो सप्ताह के लिए युद्ध विराम पर सहमति बनी है। इससे दुनिया भर में निवेश धारणा मजबूत हुई और शेयर बाजारों में तेजी रही।
चौतरफा लिवाली के बीच मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 4.09 फीसदी और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप-100 सूचकांक 4.39 फीसदी की बढ़त में रहा।
ऑटो सेक्टर का सूचकांक साढ़े छह प्रतिशत से अधिक चढ़ा। रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों के लिए राहत के उपायों की घोषणा से बैंकिंग सेक्टर का सूचकांक साढ़े पांच प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ। रियलटी में पौने सात फीसदी की और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। धातु और मीडिया समूहों के सूचकांक भी ढाई से तीन प्रतिशत तक चढ़े।
एनएसई में कुल 3,369 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,960 के शेयर हरे निशान में और 341 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 68 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 27 के शेयर हरे निशान में रहे। विमान सेवा कंपनी इंडिगो में सबसे अधिक 8.16 प्रतिशत की तेजी देखी गयी। एलएंडटी का शेयर 7.64 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 7.03, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 6.79, एक्सिस बैंक का 6.56, मारुति सुजुकी का 6.27, टाइटन का 6.18 और अल्ट्राटेक सीमेंट का 6.13 प्रतिशत ऊपर रहा।
बजाज फिनसर्व में 5.85 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 5.71, अडानी पोर्ट्स में 5.28, आईसीआईसीआई बैंक में 5.06, इटरनल में पांच, कोटक महिंद्रा बैंक में 4.77, एशियन पेंट्स में 4.46, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3.30 और टाटा स्टील में 3.13 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी।
भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 2.99 प्रतिशत, ट्रेंट का 2.15, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.68, भारती एयरटेल का 1.60, एनटीपीसी का 1.41, आईटीसी का 1.27, बीईएल का 1.23 और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.10 प्रतिशत चढ़ा। टीसीएस और इंफोसिस के शेयर भी हरे निशान में रहे।
टेक महिंद्रा में 1.53 प्रतिशत की गिरावट रही। सनफार्मा और पावरग्रिड के शेयर भी नीचे बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित