अहमदाबाद , अक्टूबर 28 -- कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के छठे दिन वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में महिला वर्ग के लीग चरण का समापन हो गया।

बुधवार रात हुए मुकाबले में युगांडा महिला टीम की नाइजीरिया पर जीत ने सेमीफाइनल की अंतिम जगह तय कर दी और इसके साथ ही मलेशिया महिला टीम की उम्मीदों का अंत हो गया। महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों की रूपरेखा अब तय हो चुकी है। ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर रहने वाली भारतीय महिला टीम का सामना ग्रुप बी की उपविजेता श्रीलंका महिला टीम से होगा, जबकि ग्रुप बी की शीर्ष टीम केन्या महिला टीम 30 अक्टूबर को ग्रुप ए की उपविजेता युगांडा महिला टीम से भिड़ेगी। पुरुष वर्ग में केन्या, मलेशिया, बंगलादेश, युगांडा और श्रीलंका ने जीत दर्ज की, जबकि श्रीलंका ने भी नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।

बंगलादेश महिला टीम ने इंग्लैंड महिला टीम को 79-13 से करारी शिकस्त दी। श्राबोनी मोल्लिक ने 19 रेड में 27 अंकों का शानदार प्रदर्शन किया, जिनमें 5 बोनस अंक शामिल थे, जबकि बृष्टि बिस्वास ने 12 अंक जोड़े। बंगलादेश ने मुकाबले में 48 रेड अंक और 16 टैकल अंक हासिल किए तथा 6 ऑल आउट किए, जबकि इंग्लैंड की टीम केवल 11 रेड अंक और 2 टैकल अंक ही जुटा सकी। इस जीत के साथ बंगलादेश के 4 अंक हो गए, लेकिन यह अंतिम चार में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं था।

वहीं, युगांडा महिला टीम ने नाइजीरिया महिला टीम को 65-22 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। नलवोगा नाहिया ने 22 अंकों के साथ युगांडा का नेतृत्व किया, जिनमें 9 बोनस अंक शामिल थे। युगांडा ने मुकाबले में 44 रेड अंक, 12 टैकल अंक हासिल किए और 4 ऑल आउट किए। नाइजीरिया की ओर से अराको चार्ल्स ने सर्वाधिक 8 अंक जुटाए, जबकि रॉबर्ट मोसेस ने 7 अंक का योगदान दिया, लेकिन नाइजीरिया युगांडा के रेडर्स को रोकने में नाकाम रहा।

पुरुष वर्ग में केन्या ने कनाडा को 49-20 से हराकर ग्रुप बी में अपना अजेय अभियान जारी रखा। स्टीफन अडोंगो ने 6 अंकों के साथ केन्या का नेतृत्व किया, जबकि सैमुअल वाफुला और रॉजर्स ओमोंडी अटिएनो ने 5-5 अंक का योगदान दिया। रूबेन न्जुगुना ने 4 टैकल अंकों के साथ डिफेंस की कमान संभाली। केन्या ने मुकाबले में 24 रेड अंक और 15 टैकल अंक हासिल किए तथा 4 ऑल आउट किए। कनाडा की ओर से मनप्रीत सिंह ने 10 अंकों के साथ सर्वाधिक स्कोर किया, लेकिन कनाडा की टीम कुल मिलाकर केवल 13 रेड अंक ही हासिल कर सकी।

पुरुष वर्ग के मुकाबले में मलेशिया ने नाइजीरिया को 78-13 से करारी शिकस्त दी। रविचंद्रन शिवाबालन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 रेड में 23 अंक हासिल किए, जिनमें 7 बोनस अंक शामिल थे। सरमाह ने 8 टैकल अंकों के साथ डिफेंस का नेतृत्व किया, जबकि आइजैक एल्टन ने 6 अंक जोड़े। मलेशिया ने मुकाबले में 42 रेड अंक और 22 टैकल अंक हासिल किए तथा 6 ऑल आउट किए।

बंगलादेश ने पुरुष वर्ग के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 69-31 से हराया। गोल्डर दिपायोन ने 18 रेड में 21 अंकों के साथ बंगलादेश का नेतृत्व किया, जबकि एमडी. लिटन अली ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 14 अंक हासिल किए, जिनमें 7 अंक टैकल से आए। एमडी इब्राहिम खलील और अमोल चंद्रा रॉय ने 7-7 अंक का योगदान दिया। बंगलादेश ने मुकाबले में 41 रेड अंक और 14 टैकल अंक हासिल किए, 6 ऑल आउट किए और 2 सुपर रेड भी दर्ज किए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दिवजोत सिंह 12 अंकों के साथ सबसे सफल स्कोरर रहे, लेकिन पूरी टीम मैच में केवल 1 टैकल अंक ही हासिल कर सकी।

दिन के सबसे करीबी मुकाबले में युगांडा ने तंजानिया को 35-28 से हराया। इबांडा डेरिक सिरिवेसिटी ने युगांडा के लिए 12 अंक हासिल किए, जिनमें एक सुपर टैकल शामिल था, जबकि मुलालिरा डागलास ने 6 अंक और तेन्या गास्ता ने 4 टैकल अंक का योगदान दिया। युगांडा ने मुकाबले में 19 रेड अंक और 11 टैकल अंक हासिल किए, 2 ऑल आउट किए और 3 सुपर टैकल भी दर्ज किए। तंजानिया की ओर से जुमा सुल्तानिया ने सर्वाधिक 13 अंक हासिल किए, जबकि मासूदी ओमारी ने 6 टैकल अंक जोड़े।

श्रीलंका ने पुरुष वर्ग के मुकाबले में इंग्लैंड को 50-22 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली और इसके साथ ही ग्रुप ए में अपना बेदाग रिकॉर्ड भी बरकरार रखा। विधुरंगा ने 11 अंकों के साथ श्रीलंका का नेतृत्व किया, जबकि लक्षिता ने 9 अंक और साबिहान तथा मिसाका ने 5-5 अंक का योगदान दिया। डिफेंस में समराकून ने 4 सफल टैकल से 4 टैकल अंक हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका ने मुकाबले में 28 रेड अंक और 15 टैकल अंक हासिल किए तथा 3 ऑल आउट किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित