बीजापुर , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 से सभी कार्यों को युक्तधारा पोर्टल पर अपलोड किए जाने की प्रक्रिया को लेकर ग्राम पंचायत रेड्डी ने एक सराहनीय पहल की है। वैज्ञानिक पद्धति अपनाते हुए पंचायत द्वारा तैयार की गई एक करोड़ 95 लाख रुपये की श्रमिक बजट को ग्रामसभा की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस बजट के अंतर्गत कुल 60 कार्य प्रस्तावित किए गए हैं, जिन्हें अनुमोदन के बाद युक्तधारा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
जिला जन सम्पर्क (पीआरओ) की ओर से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक, युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक कार्य की कार्ययोजना, लागत, स्थान, प्रगति, भुगतान और प्रभावी परिणामों का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता, जनभागीदारी और सामाजिक निगरानी को बढ़ावा मिलेगा। विकासखंड बीजापुर की ग्राम पंचायत रेड्डी में इस नई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में उत्साह देखा जा रहा है।
ग्राम पंचायत रेड्डी के तकनीकी सहायक तोरन लाल उर्वशा ने बताया कि युक्तधारा पोर्टल में कार्यों को दो श्रेणियों में शामिल किया गया है। पहली श्रेणी भौगोलिक रूप से विश्लेषण योग्य कार्य की है, जिसके अंतर्गत जल संरक्षण, वाटरशेड प्रबंधन, भूमि सुधार और पर्यावरण संतुलन से जुड़े कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इस श्रेणी में ग्राम पंचायत रेड्डी में कुल 30 कार्य शामिल हैं, जिनका उद्देश्य स्थायी और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना है।
दूसरी श्रेणी गैर भौगोलिक रूप से विश्लेषण योग्य कार्य की है, जिसमें हितग्राही मूलक कार्यों को शामिल किया गया है। इस श्रेणी के अंतर्गत भी 30 कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। रोजगार सहायक सुशील दुर्गम ने बताया कि ग्राम रेड्डी और आश्रित ग्राम कोटेर में कुल 281 पंजीकृत परिवार तथा 667 पंजीकृत मजदूर हैं। कार्य प्रस्तावित करने से पहले ग्रामवासियों के साथ बैठक कर सामाजिक, मौसमी और संसाधन मानचित्र तैयार किए गए तथा स्थल निरीक्षण के बाद ग्रामसभा में अनुमोदन लिया गया।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया सभी के लिए नया अनुभव रही और इससे यह स्पष्ट हुआ है कि आने वाले समय में मनरेगा के कार्य अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और परिणामोन्मुखी होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित