भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज राजधानी भोपाल में सिविल सेवा परीक्षा में चयनित राज्य के अभ्यर्थियों से संवाद किया।

स्थानीय कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुए इस 'सफलता के मंत्र' आयोजन में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी उपस्थित रहे।

इस दौरान डॉ यादव ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा में मध्यप्रदेश के 61 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। टॉप 10 में 2 उम्मीदवारों ने जगह बनाई है। सिविल सेवा के क्षेत्र में प्रदेश के उम्मीदवारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

उन्होंने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब देश वर्ष 2047 में 'आजादी का अमृत काल' मनाएगा, तब आप सभी योग्य स्थानों पर अपनी सेवाएं देते हुए देश के साथ मध्यप्रदेश का भी मान बढ़ाएंगे। पूर्ण विश्वास है कि आप सभी 'विकसित भारत' के शिल्पकार बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाएं हर जगह से रास्ता बना लेती हैं। सिविल सेवा परीक्षा में डिंडौरी, मण्डला, बालाघाट, शिवपुरी, कटनी, श्योपुर, अशोकनगर आदि स्थानों से भी विद्यार्थियों का चयन हुआ है। ये मध्यप्रदेश की खूबसूरती भी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'मध्यप्रदेश की प्रतिभाओं का परचम' पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने युवाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों की सफलता का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित