अलवर , जुलाई 12 -- केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी प्रवास के दौरान बाबा मोहनराम मंदिर में विधिवत धोक लगाई और राज्य की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गौशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गोसेवा की और बाबा मोहनराम मंदिर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।
इसके पश्चात उन्होंने भिवाड़ी स्थित बीडा स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में विकसित एथलेटिक्स ट्रैक, खेल मैदान और अन्य खेल सुविधाओं का अवलोकन करके वहां संचालित की जा रही खेल गतिविधियों की जानकारी ली। श्री यादव ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से संवाद करके उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीडा स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे यहां के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में जिले, प्रदेश और देश का नाम रौशन कर सकेंगे।
इसके बाद श्री यादव भिवाड़ी स्थित दुर्गा माता मंदिर, आशियाना आंगन में आयोजित सर्व देव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए और पूजा-अर्चना करके धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। उन्होंने आयोजन की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित