अलवर , मई 09 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद शनिवार को अलवर लोकसभा क्षेत्र के भिवाड़ी में स्थित काली खोल धाम बाबा मोहन राम मंदिर पर धोक लगाई और देश की खुशहाली की कामना की। श्री यादव पूर्वाह्न 11 बजे पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शरीक होने के बाद सीधे अलवर जिले के भिवाड़ी पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने काली खोल धाम स्थित बाबा मोहन राम मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की और धोक लगाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब मुझे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई तब भी मैं इसी बाबा मोहन राम के मंदिर में मौजूद था और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी का फोन आया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने के बाद सीधा इसी मंदिर में आया हूं।
स्थानीय श्रद्धालु और नागरिकों को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की विजय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दो कार्यकाल के दौरान जो भारत प्रगति और सुरक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ा है उसी के तहत बंगाल के लोगों ने विकास के लिए भाजपा को चुना और प्रचंड बहुमत दिया और पहली बार सरकार बनाई है।
उन्होंने इसके लिए पश्चिम बंगाल की जनता का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि यह सब अलवर लोकसभा क्षेत्र की तपोभूमि का परिणाम है। एक तरफ बाबा मोहन राम जी का पवित्र स्थल दूसरी तरफ बाबा भर्तृहरि की तपोभूमि। उन्होंने कहा कि यह ईश्वर की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत है और ईश्वर की आशीर्वाद से सब काम अच्छे हुए हैं।
श्री यादव ने कहा कि अब चुनाव के बाद अलवर जिले के विकास के लिए प्रयास तेज किए जाने हैं शीघ्र ही भिवाड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बुलाकर यहां की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कराया जाना है। यहां की जो प्रमुख समस्या पानी की है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित