राजनांदगांव, सितंबर 20 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) के नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाओं और अधोसंरचना विकास को लेकर सांसदों एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक शनिवार को आयोजित की गयी।

बैठक की जानकारी आज मीडिया को दी गई।

रामदासपेठ स्थित एक होटल में राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता और दपूमरे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की विशेष उपस्थिति में हुई बैठक में सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी रेल आवश्यकताओं और जन अपेक्षाओं को रेलवे के समक्ष रखा।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि सांसदों से मिलने वाले सुझाव और मार्गदर्शन रेल सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं यात्री केंद्रित बनाने में सहायक होंगे।

इस दौरान उप-महाप्रबंधक (सामान्य) की ओर से प्रस्तुत प्रेजेंटेशन में नागपुर मंडल की उपलब्धियों और अधोसंरचना विकास की जानकारी दी गई। इसमें अमृत भारत स्टेशन योजना, 'वन स्टेशन वन प्रॉडक्ट', ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़कर क्षमता आवर्धन, दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं, महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े 'मेरी सहेली अभियान' तथा रेल मदद हेल्पलाइन 139 सहित विभिन्न कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया।

बैठक में सांसदों ने मंडल में जारी विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अपने संसदीय क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा। जनप्रतिनिधियों ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने, विभिन्न ट्रेनों के नए ठहराव देने, नई रेल सेवाएं शुरू करने और ट्रेनों का समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने से जुड़े सुझाव दिए।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सांसदों की ओर से उठाए गए विषयों पर नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू (छिंदवाड़ा), श्याम कुमार दौलत बर्वे (रामटेक), डॉ. प्रशान्त यादवरावजी पडोले (भंडारा), नामदेव किरसान (गढ़चिरोली-चिमूर), भारती पारधी (बालाघाट), सुमित्रा बाल्मिक (जबलपुर), माया चिंतामन इवनाते (नागपुर) और राजेन्द्र जैन (गोंदिया) उपस्थित रहे।

इसके अलावा सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते के प्रतिनिधि रोचिराम गुरवानी, सांसद प्रतिभा सुरेश धानोरकर के प्रतिनिधि बी. आर. शेगांवकर तथा सांसद प्रफुल पटेल के प्रतिनिधि एवं तुमसर विधायक राजू मानिकराव कारमोरे भी बैठक में शामिल हुए।

इस अवसर पर नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, जोनल मुख्यालय के विभागाध्यक्ष और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सांसदों और उनके प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित