मुरादाबाद , जुलाई 7 -- रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश दिए।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इज्जतनगर रेल मंडल के टनकपुर रेलवे स्टेशन पर रेल परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद वापसी के दौरान रेल राज्य मंत्री कुछ समय के लिए मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रुके। इस दौरान उन्होंने रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। रेल राज्य मंत्री ने सभी निर्माणाधीन एवं विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मुरादाबाद स्टेशन पहुंचने पर रेल मंडल प्रशासन ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने उन्हें मुरादाबाद की विश्व प्रसिद्ध पीतल हस्तकला से निर्मित स्मृति-चिह्न भेंट किया।
बिट्टू ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, शेड, पंखों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर रेल सुविधाओं के संबंध में उनका फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान रेल संपत्ति की सुरक्षा में तैनात रेलवे सुरक्षा बल के श्वान (डॉग) की कार्यकुशलता से प्रभावित होकर रेल राज्य मंत्री ने उसे पुरस्कृत किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है तथा इसके लिए रेल प्रशासन को सभी आवश्यक कदम प्रभावी ढंग से उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित