नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और बढ़ी हुई मांग के मद्देनजर भीड़ को संभालने के लिए कुछ अतिरिक्त ट्रेनों को पटरियों पर उतारा है और ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिये हैं।
डीएमआरसी ने बुधवार को बताया कि 16 सितंबर से यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने और यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए ट्रेन सेवाओं को लगातार इजाफा किया जा रहा है। इसके तहत 16 सितंबर को आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं और ट्रेनों ने नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त फेरे लगाये। वहीं 17 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलीं और 32 अतिरिक्त फेरे लगाये।
डीएमआरसी के अनुसार अतिरिक्त फेरो की संख्या 18 सितंबर को बढ़ाकर 38 कर दी गयीं। वहीं 19 सितंबर को 50 और 20 सितंबर को 43 कर दी गयी और इन सभी दिनों में आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गयीं।
डीएमआरसी ने 21 सितंबर को 10 अतिरिक्त ट्रेनें चलायीं और ट्रेनों के 44 अतिरिक्त फेरे लगवाये। वहीं 22 सितंबर को परिचालन ज़रूरतों के हिसाब से 10 अतिरिक्त ट्रेनें चलायी गयीं और 39 अतिरिक्त फेरे लगवाये गये। इसके अलावा, डीएमआरसी ने यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए 40 से ज़्यादा अतिरिक्त ग्राहक सुविधा एजेंट तैनात किये हैं और नेटवर्क पर लगभग 17 टिकट ऑफिस मशीनें चालू की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित