हरिद्वार , मार्च 05 -- उत्तराखंड में आगामी यात्रा सीजन और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कोतवाली नगर पुलिस की ओर से चौकी नगर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई, जिसमें सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया।

पुलिस की टीम ने हरकी पैड़ी के आसपास के प्रमुख मार्गों और गलियों का निरीक्षण करते हुए दुकानों के बाहर लगाए गए अवैध शेड, ठेले, रेहड़ी और अन्य सामान को हटवाया। इस दौरान कई दुकानदारों और ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी भी दी गई कि वे दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी यात्रा सीजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ का दबाव काफी बढ़ जाता है। अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य हरकी पैड़ी क्षेत्र में सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखा जाएगा।

पुलिस ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वह प्रशासन का सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, ताकि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित