सोनीपत , जून 23 -- हरियाणा के सोनीपत शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कुंडली थाना क्षेत्र के निफ्टेम चौक और एचएसआईआईडीसी चौक स्थित फ्लाईओवरों के नीचे सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सार्वजनिक स्थानों पर रखे सामान, अस्थायी ढांचे तथा अन्य अतिक्रमणों को हटवाया। पुलिस ने अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) नरेंद्र काडियान ने कहा कि सड़कें और सार्वजनिक स्थान आम नागरिकों की सुविधा के लिए हैं। अवैध अतिक्रमण से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि शहर में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित