हनुमानगढ़ , मार्च 12 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने फरवरी में विशेष अभियान चलाते हुए 10 हजार से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने गुरुवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि यह विशेष अभियान फरवरी में पूरे जिले में चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 10 हजार 51 वाहन चालकों के विरुद्ध वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गयी।

उन्होंने बताया कि इसमें 85 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गये, 3044 चालक अधिक गति से चलाते पकड़े गये, 397 चालक गलत दिशा में और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पकड़े गये, 35 चालक राजमार्ग पर गलत तरीके से पार्किंग करते पकड़े गये, 170 माल वाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्री परिवहन और यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां ले जाते पकड़े गये। 128 चालक बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाते पकड़े गये, 586 चालक मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाते पकड़े गये, 2631 चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पकड़े गये और 23 चालक रेड लाइट का उल्लंघन करते पकड़े गये।

इसके अलावा 153 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए संबंधित परिवहन विभाग को सिफारिश भेज दी गयी है। अभियान के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान मॉडिफाई वाहनों पर दिया गया, जिनमें से 32 वाहनों को जब्त कर लिया गया।

श्री हरिशंकर ने बताया कि अभियान के दौरान राजमार्ग किनारे बने ढाबों पर भी विशेष नजर रखी गयी। ढाबा संचालकों को सख्त हिदायत दी गयी कि वे अपने परिसर में अवैध या गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग न होने दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों, राजमार्गों और मुख्य सड़कों पर एक साथ चलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित