यमुनानगर , सितंबर 27 -- हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता गगन खरोड़ ने कहा है कि देश-प्रदेश में मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारें जनता के आशीर्वाद से नहीं, बल्कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के षड्यंत्र से बनी सरकारें हैं।

श्री खरोड़ ने रविवार को यहां जारी बयान में कहा कि इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि किस तरह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सभी नियमों को ताक पर रखकर और अपने सहयोगी चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को पिछले 10 महीने में 14 बार नजरअंदाज करके भाजपा को चुनावी प्रक्रिया में धांधली कर मदद की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से 13.5 करोड़ मतदाताओं के वोट काटकर भाजपा की सरकारें बनाने में मदद की गयी और लोकतंत्र की हत्या की साजिश रची गयी।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले भी कई मंचों पर चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा द्वारा वोट चोरी के आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने लोकसभा और अन्य मंचों पर यह मुद्दा उठाया है कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर संविधान और लोकतंत्र की हत्या की साजिश रच रहे हैं और जनता की टैक्स की कमाई से झूठा प्रचार किया जा रहा है कि यह मोदी जी की लोकप्रियता और जनता के आशीर्वाद से चुनी हुई सरकार है।

श्री खरोड़ ने कहा कि अब देश की जनता समझ गई है कि भाजपा किस तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है और वोट चोरी कर सत्ता में काबिज है। उन्होंने मांग की कि श्री ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित