पटना , मई 19 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने मंगलवार को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल पर पलटवार किया और कहा कि अब बिहार में उनके माता-पिता के शासनकाल जैसा जंगलराज नहीं है, बल्कि सुशासन वाली सरकार है, जहाँ अपराध और अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाती।
डॉ. शेखर ने कहा कि तेजस्वी यादव को यह समझ लेना चाहिए कि अब बिहार बदल चुका है। यह वह दौर नहीं रहा जब अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला हुआ करता था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अपराध करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाता।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एनडीए सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। यदि कोई अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार में आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं और बेटियां, सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन करें।
डॉ. शेखर ने कहा कि पहले बिहार की पहचान अपराधियों और माफियायों से होती थी लेकिन अब बिहार को विकास के पथ पर अग्रसर राज्य के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार की जनता को सुरक्षित और विकसित बिहार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव को जब सदन में बोलना होता है तो वे गायब हो जाते हैं और सैर - सपाटे के लिए विदेश भ्रमण पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि शेष समय में वह जनता को दिग्भ्रमित करने की कोशिश करते रहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित