राजकोट , सितंबर 21 -- यशबर्धन चौहान (122), वीके विनीत (87) और आर्यवीर सहवाग (47) रनों की शानदार पारियों के दम पर भारतीय अंडर-19 टीम ने सोमवार को दूसरे यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 342 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।

आज यहां भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। आठवें ओवर में थॉमस वासेओ ने लक्ष्य रायचंदानी (11) को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये वीके विनीत ने आर्यवीर के साथ पारी को संभाला। इसी दौरान 19वें ओवर में आर्यवीर सहवाग (47) रन पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गये। इन दोनों के बीच 132 रनों की बड़ी साझेदार हुई। 40वें ओवर में विनीत (87) रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और छह छक्के उड़ाये। कुशाग्र ओझा (34) रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद यशबर्धन चौहान ने वीके विनीत के साथ 84 रनों की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। इसी दौरान यशबर्धन चौहान ने अपना शतक पूरा किया। वह आखिर तक टिके रहे। यशबर्धन चौहान ने 100 गेंदों में 15 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (122) रनों की पारी खेली। उन्हें 49वें ओवर में थॉमस वासेओ ने आउट किया। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 341 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित