मुंबई , सितंबर 26 -- महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के उमरखेड़ इलाके में शनिवार को एक वेल्डिंग वर्कशॉप में जिलेटिन छड़ों के मेटल कंटेनर में विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह घटना धानकी रोड स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में हुई, जहाँ ब्लास्टिंग के काम में इस्तेमाल होने वाले एक ट्रैक्टर को मरम्मत के लिए लाया गया था।

पुलिस ने बताया कि वर्कशॉप में वेल्डिंग का काम चल ही रहा था कि अचानक ट्रैक्टर से जुड़ा जिलेटिन की छड़ों वाला धातु का कंटेनर धमाके के साथ फट गया, जिससे वहाँ भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि उसके पास मौजूद एयर सिलेंडर भी फट गया और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों ने बाद में दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य घायलों को तुरंत उपचार के लिए उमरखेड़ उप-जिला अस्पताल ले जाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए अन्य अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

विस्फोट की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के आने से पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित