उत्तरकाशी , जुलाई 11 -- उत्तराखंड में यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर शनिवार को सयानाचट्टी के समीप भारी मलबा आने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे करीब 100 श्रद्धालु मार्ग में फंस गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाया और रोप फिक्स कर सभी यात्रियों को सकुशल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते सयानाचट्टी क्षेत्र में अचानक भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिससे यमुनोत्री मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट बड़कोट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। वहीं एसडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित