नयी दिल्ली , जून 22 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने यमुना किनारे स्थित बस्तियों में जारी बुलडोजर कार्रवाई को लेकर रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधा है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि ओ जोन में बसे पुराने मकानों को नहीं तोड़ा जायेगा, तो फिर यमुना बाजार-कश्मीरी गेट समेत कई इलाकों में कार्रवाई क्यों जारी है।
श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद यमुना बाजार, बुराड़ी मिलन विहार, जैतपुर गड्डा कॉलोनी और ओखला क्षेत्र में बुलडोजर चलाया जाना सरकार की कथनी और करनी में अंतर को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना बाजार में 310 मकानों को तोड़ने की कार्रवाई से हजारों लोग बेघर होने के खतरे में हैं। उनका कहना है कि कई परिवार 30-40 वर्षों से यहां रह रहे हैं, लेकिन न तो उनका समुचित सर्वे कराया गया और न ही पुनर्वास की कोई व्यवस्था की गयी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लोगों की आजीविका और बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय 1,739 कॉलोनियों को अस्थायी प्रमाण पत्र देकर विकास का रास्ता खोला गया था, जबकि वर्तमान सरकार गरीबों को उजाड़ने की नीति अपना रही है।
श्री यादव ने केंद्र और दिल्ली सरकार से मांग की कि यमुना बाढ़ क्षेत्र, संरक्षित वन और एएसआई भूमि से जुड़ी 94 कॉलोनियों में प्रस्तावित तोड़फोड़ पर तत्काल रोक लगाने के साथ ही बुलडोजर के आदेश वापस लिए जायें और इन कॉलोनियों को नियमित कर वहां रहने वाले लोगों की आजीविका और आवास की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित