ग्रेटर नोएडा , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने शुक्रवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़े स्तर पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए लगभग 50,000 वर्ग मीटर प्राधिकरण की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार मूल्य करीब 250 करोड़ रुपये है।
प्राधिकरण मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्री राकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि, शासन के निर्देशों तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्राधिकरण की टीम ने 60 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्राधिकरण के अधिकारियों की तथा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण मुक्त की कार्रवाई सुनिश्चित की गई तथा मौजूद प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा चिन्हित यह भूमि यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अर्जित एवं अधिग्रहित भूमि है, जिस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। अभियान के दौरान सभी अवैध निर्माण एवं कब्जों को हटाकर भूमि को पुनः प्राधिकरण के कब्जे में लिया गया और उसका सत्यापन भी किया गया।
यमुना प्राधिकरण के द्वारा मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य Rs.50,000 प्रति वर्गमीटर की दर से लगभग 250 करोड़ रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई से अधिसूचित क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी तथा सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्राधिकरण ने इसे क्षेत्र के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
इस संयुक्त अभियान में उप जिलाधिकारी श्री हरि प्रताप सिंह तथा उप जिलाधिकारी श्री शिव अवतार सिंह के अलावा प्राधिकरण के परियोजना विभाग, भूमि विभाग एवं प्रवर्तन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी एवं भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अवैध निर्माण अथवा अवैध कॉलोनी का विकास किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों के खिलाफ भविष्य में भी नियमित एवं प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित