नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने यमुना पुनरुद्धार की 43 परियोजनाओं का शिलान्यास कराने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरते हुए इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला कदम बताया।
श्री यादव ने कहा कि 8,941 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं में 29 विकेंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (डीएसटीपी) और सीवेज पंपिंग स्टेशन शामिल हैं, जबकि 27 डीएसटीपी के लिए अप्रैल 2025 में ही फंड मंजूर हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि 12 वर्षों में केंद्र की भाजपा, पिछली आप और मौजूदा भाजपा सरकार दिल्ली में नयी सीवर और पानी की पाइपलाइन बिछाने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि 22 नालों का अनुपचारित पानी अब भी यमुना में गिर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से परियोजनाओं की प्रगति पर जवाब मांगा और कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यमुना की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित