जालौन , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार को यमुना नदी के दाहिने किनारे स्थित ग्राम समूह गुड़ा, हिम्मतपुर एवं शिवगंज को बाढ़ और कटान से सुरक्षित करने के लिए संचालित बाढ़ सुरक्षा परियोजना का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 687.56 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत यमुना नदी के कटान प्रभावित क्षेत्र में 220 मीटर लंबाई में स्टोन बोल्डर से लांचिंग एप्रन एवं स्टोन पिचिंग का कार्य कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य बाढ़ के दौरान होने वाले तीव्र कटान को रोकना तथा तटवर्ती आबादी एवं कृषि भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने कहा कि यमुना किनारे बसे गांवों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप ही संपादित किए जाएं। उन्होंने बताया कि परियोजना पूर्ण होने पर लगभग 818.92 हेक्टेयर कृषि भूमि, 105 ग्रामीण आवास तथा करीब 2950 लोगों की आबादी को बाढ़ एवं कटान के खतरे से राहत मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को मानसून को ध्यान में रखते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई धर्म घोष सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित