यमुनानगर , सितंबर 14 -- हरियाणा के यमुनानगर में स्वाइन फ्लू के 11 सकारात्मक मामले पाए गए हैं वहीं अब डेंगू और मलेरिया के मामले भी सामने आने लगे हैं। जिले में मलेरिया के तीन और डेंगू के पांच मामले सामने आए हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या मंगला ने सोमवार को बताया कि पहले स्वाइन फ्लू के छह मामले थे, अब पांच नए मामले और सामने आए हैं। इस तरह कुल 11 मामले हो गए हैं। इसके अलावा जिले में डेंगू के पांत और मलेरिया के तीन मामलों की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 9,435 घरों की जांच की गई है, जिनमें से 2,776 घरों में मच्छरों का लार्वा मिलने पर नोटिस दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घरों और आसपास पानी खड़ा न होने दें, क्योंकि जहां पानी खड़ा होगा, वहां मच्छर पनपेंगे।
डॉ. मंगला ने बताया कि सिविल अस्पताल में इमरजेंसी के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है, जहां सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा नगर निगम के साथ मिलकर प्रभावित इलाकों में फॉगिंग करवाई जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन्हें सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण हैं, वे भीड़भाड़ से दूर रहें और बाहर निकलते समय मास्क लगाएं, क्योंकि बचाव के लिए सावधानी जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित