यमुनानगर , अक्टूबर 31 -- हरियाणा के यमुनानगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आज 'एकता दौड़' का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा महिलाओं ने भाग लिया।
इस दौरान कृषि मंत्री के साथ-साथ यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर एवं अन्य नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। इस दौरान कृषि मंत्री एवं अन्य अतिथि भी इस दौड़ में सम्मिलित हुए।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने कश्मीर समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास किया था, यदि यह प्रयास सफल रहता तो आज सम्पूर्ण देश एक होता, कोई समस्या न होती। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प तथा राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण ही देश की एकता और अखंडता कायम हुई। एकता दौड़ का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाना है।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर देश को एकजुट किया। आज उनके जन्मदिवस पर आयोजित एकता दौड़ देश की एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर देश को सशक्त बनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित