यमुनानगर , अक्टूबर 26 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की करनाल इकाई ने सोमवार को राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (एचएसईएनबी), यमुनानगर में तैनात एएसआई रजनी को 9,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आरोपी पर निर्माण सामग्री लेकर यमुनानगर से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने वाले ट्रकों को निकालने के बदले पैसे मांगने का आरोप है। एसीबी ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।

शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने साथियों के साथ गांव बुरिया से निर्माण सामग्री के ट्रक सहारनपुर भेजता था। आरोप है कि एएसआई प्रत्येक ट्रक की निकासी के लिए एक हजार रुपये मांगती थी। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि आरोपी पहले भी दो बार कुल 5,000 रुपये ले चुकी थी। इसके बाद पिछले बकाया 6,000 रुपये और नई निकासी के 4,000 रुपये सहित 10,000 रुपये मांगे गए। बाद में 9,500 रुपये में सहमति बनी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की करनाल टीम ने थाना एचएसईएनबी, सेक्टर-18, जगाधरी के पास जाल बिछाया और आरोपी को कथित तौर पर रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और छद्म गवाह की मौजूदगी में की गई।

मामले में 26 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एसीबी थाना, पंचकूला में अभियोग संख्या 15 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने पर इसकी सूचना ब्यूरो को दें। शिकायत 'सतर्क हरियाणा' मोबाइल ऐप के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित