यमुनानगर , अक्टूबर 28 -- हरियाणा में यमुनानगर जिले के देवधर गांव में रिश्ता टूटने से बौखलाए एक युवक ने अपनी मौसेरी बहन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी गर्दन पर गहरा कट लगा है और करीब 20 टांके आए हैं।

घायल युवती की पहचान देवधर निवासी 20 वर्षीय अमीशा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी खदरी गांव निवासी जावेद है। बताया जा रहा है कि जावेद, अमीशा का मौसेरा भाई है और दोनों का रिश्ता तय हुआ था।

परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले लड़की पक्ष ने यह रिश्ता तोड़ दिया था। इसी बात से जावेद नाराज था और दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था। कुछ दिन पहले भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था।

मंगलवार देर शाम जब युवती घर पर अकेली थी, तभी जावेद वहां पहुंचा और अचानक चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर मौके से फरार हो गया।

चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि आरोपी जावेद के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित