चंडीगढ़ , अगस्त 15 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने यमुनानगर के जगाधरी स्थित अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले उन्होंने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर मित्रा घोष भी मौजूद रहीं।
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने विकास की प्रेरणादायक यात्रा तय की है और आज देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष के कारण ही देशवासियों को स्वतंत्र भारत में जीवन जीने का गौरव मिला है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के राजा राव तुलाराम के योगदान को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल भुगतान और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। हरियाणा में किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में चिरायु आयुष्मान हरियाणा समेत कई योजनाओं का विस्तार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित