यमुनानगर , अक्टूबर 10 -- हरियाणा में अपराध शाखा की टीम ने छह जून को यमुनानगर में गांव नाहर ताहरपुर के खेतों में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस को अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हुए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा-1 की टीम ने 6 जून को युवक की पीट-पीटकर हुई हत्या के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
प्रभारी राजकुमार ने बताया कि उनकी टीम ने नाहर ताहरपुर निवासी आशीष उर्फ आशु पुत्र राजकुमार तथा वंश पुत्र कमल कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 5 जून को 32 वर्षीय उर्जनी निवासी नवीन की पुरानी रंजिश के चलते नाहर ताहरपुर में खेत में पीट-पीटकर हत्या की गई थी। इस मामले में दुखेड़ी निवासी विश्वजीत तथा नाहर ताहरपुर निवासी जितेंद्र कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित