यमुनानगर , सितंबर 03 -- हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह जिम के बाहर एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मॉडल टाउन क्षेत्र में फाइनेंसर एक्सरसाइज के बाद जिम से बाहर निकला था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने फाइनेंसर हरभजन सिंह को बेहद नजदीक से निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल फाइनेंसर को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के साथ पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित