यमुनानगर , अक्टूबर 24 -- हरियाणा में यमुनानगर जिला प्रशासन ने दीवाली पर वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और सुरक्षा के मद्देनजर सिर्फ ग्रीन पटाखे की बिक्री का निर्णय लिया है। इसके लिए जिले में 70 अस्थायी दुकानों के लाइसेंस जारी किए जाएंगे।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर जगाधरी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विश्वनाथ ने बताया कि विस्फोटक नियम 2008 के नियम 84 और 88 के तहत यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक 27 अक्टूबर सुबह नौ बजे से एक नवंबर शाम पांच बजे तक एसडीएम जगाधरी कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं। इसके बाद आए आवेदनों पर विचार नहीं होगा। दुकानों का आवंटन दो नवंबर को ड्रा के जरिए किया जाएगा।

प्रशासन ने पांच स्थानों पर दुकानें निर्धारित की हैं। रेलवे ग्राउंड वर्कशॉप में 15, सिटी सेंटर स्टेडियम में 10, सेक्टर-18 हुड्डा ग्राउंड में 30, ईएसआई अस्पताल के पीछे 10 और ससौली बीडीपीओ कार्यालय के सामने पांच दुकानें लगेंगी।

एसडीएम ने कहा कि बिना लाइसेंस बिक्री पर रोक रहेगी और लाइसेंस धारकों को अग्नि सुरक्षा सहित सभी नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने लोगों से ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित