यमुनानगर , सितंबर 30 -- हरियाणा में यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के जेधर गांव में बुधवार सुबह श्मशान घाटके पास खेत में एक व्यक्ति का शव मिला।
मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे। उसकी पहचान जगाधरी निवासी इरफान (55) के रूप में हुई है, जो मिट्टी आपूर्ति का ठेकेदार था।
सूचना पर डायल-112 और छछरौली पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस को मृतक की जेब से करीब 50 हजार रुपये मिले हैं। शव के पास वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं।
परिजनों के अनुसार इरफान मंगलवार सुबह घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। उसके दोस्त राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम दोनों पांवटा साहिब से भूखंड देखकर लौटे थे, इसके बाद इरफान ने डेढ़ लाख रुपये लेने के लिए छछरौली में उतरने की बात कही थी।
थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गयी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित