यमुनानगर , जुलाई 20 -- हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को यमुनानगर जिले के जगाधरी, साढ़ौरा और रादौर विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठकें कीं। इसके बाद यमुनानगर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। सभी कार्यक्रम जगाधरी स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में हुए।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों व जनहित के मुद्दों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची पर सतर्क नजर रखने तथा किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत संगठन को देने के निर्देश दिए। साथ ही 'छात्रों की गूंज' अभियान के माध्यम से युवाओं और छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम जनता की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर करने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा का मुकाबला कर सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित