यमुनानगर , अगस्त 26 -- हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को यमुनानगर डिपो में रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया।

सांझा मोर्चा के सभी प्रधानों के नेतृत्व में पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुए इस प्रदर्शन में राजिंदर कंबोज, जगजीत सिंह, रमेश मलिक और रघुबीर पंजाबी मुख्य रूप से शामिल रहे।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास के घेराव के दौरान 15 दिनके अंदर सांझा मोर्चा को वार्ता के लिए बुलाने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि आश्वासन के बावजूद न तो वार्ता के लिए बुलाया गया और न ही सरकार द्वारा मानी गयी मांगों को लागू किया गया, जिसके विरोध में आज यह प्रदर्शन किया गया। इससे प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है।

प्रदर्शन के दौरान महाप्रबंधक की अनुपस्थिति में यातायात प्रबंधक को सांझा मोर्चा की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।

सांझा मोर्चा ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कर्मचारियों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया और मानी हुई मांगों को लागू नहीं किया गया तो आगामी पांच और छह सितंबर 2026को पूरे हरियाणा में राज्यव्यापी सांकेतिक हड़ताल की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित