यमुनानगर , अक्टूबर 07 -- हरियाणा की अनाज मंडियों में एक तरफ जहां बारिश के कारण किसानों का धान भीग रहा है और खरीद नहीं हो रही है, वहीं यमुनानगर की बिलासपुर अनाज मंडी में आज परेशान किसानों ने दोनों गेटों पर ताला जड़कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
किसानों का आरोप है कि सरकार ने अभी तक मिलर्स के साथ कोई समझौता नहीं किया है, मंडी में उठान नहीं हो रहा है और कोई इंतजाम नहीं हैं। उनकी धान खुले में भीग रही है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बिलासपुर अनाज मंडी के बाहर गेट पर तालाबंदी के बाद किसानों ने जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की।
इस विषय में जब हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है और किसानों के खातों में पैसे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को इस तरह के कदम नहीं उठाने चाहिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि सत्यापन का काम चल रहा है, जिसमें समय लग रहा है। सेटेलाइट से आई तस्वीर किसानों के पंजीकरण से मैच नहीं हुई, जिसके कारण सत्यापन जरूरी हो गयी थी।
बारिश से धान भीगने से हुए नुकसान को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि बारिश का कहीं फायदा होता है तो कहीं नुकसान भी होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित