यमुनानगर , अगस्त 25 -- हरियाणा के यमुनानगर में नगरपालिका और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 20वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और रादौर अनाज मंडी गेट पर प्रदर्शन करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के बेटे नेपाल राणा को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

हड़ताल की अध्यक्षता नगरपालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन विभाग के जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन नगरपालिका शाखा सचिव सुभाष और कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने किया। कर्मचारी नेताओं ने नेपाल राणा से आगामी विधानसभा सत्र में कर्मचारियों की मांगें उठाने तथा सरकार के साथ हुए समझौते को लागू कराने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो गली-मोहल्लों में जनसभाएं और नुक्कड़ सभाएं तेज की जाएंगी।

इसके पश्चात कर्मचारियों ने मुंडा माजरा में वाल्मीकि समाज के बीच जनसभा कर आंदोलन के लिए समर्थन माँगा। वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के संघर्ष में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

अग्निशमन विभाग के राज्य मुख्य संगठनकर्ता संतोष कुमार, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जोत सिंह, किसान सभा के वरिष्ठ नेता प्यारे लाल तंवर सहित अन्य नेताओं ने बताया कि 13 मई को पालिका व फायर कर्मचारियों को नियमित करने, सफाई एवं सीवरमैन के रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, ड्यूटी के दौरान शहीद फायर कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा व सरकारी नौकरी देने, तथा जोखिम भत्ता लागू करने सहित 17 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी। नेताओं का आरोप है कि अब तक इन मांगों से संबंधित कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित