सना , सितंबर 22 -- सऊदी अरब की रॉयल सऊदी वायुसेना ने यमन के लाल सागर स्थित बंदरगाह शहर मोखा में सैन्य अभियान चलाया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
यमन स्थित सबा समाचार एजेंसी की मंगलवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी लड़ाकू विमानों ने सोमवार देर रात मोखा पर बमबारी की। मृतकों और घायलों में सभी आम नागरिक बताए जा रहे हैं। घायलों में दो बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं। सऊदी अरब ने आठ सितंबर को यमन में अपना हवाई अभियान शुरू किया था।
ईरान समर्थित हूती सशस्त्र समूह के नेताओं ने कहा कि सऊदी वायु सेना ने हाल के दिनों में हवाई हमलों को काफी तेज किया है, जिसमें हूती-नियंत्रित क्षेत्रों के साथ-साथ विभिन्न सैन्य और लॉजिस्टिकल ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
हूती उच्च कमान के अधिकारियों ने बताया कि 11 सितंबर से 18 सितंबर के बीच सात दिनों की अवधि में सऊदी वायु सेना ने लगभग 300 अभियान चलाए।
गत 16 सितंबर को हूती बलों ने सऊदी के एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया और बाद में सोशल मीडिया पर मलबे का एक वीडियो पोस्ट किया। इसके अलावा हूती बलों ने हाल ही में सऊदी ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर कई हमले किए हैं, जिससे रियाद को काफी नुकसान हुआ है। अगस्त के आखिरी सप्ताह में सऊदी अरब और हूती समूह के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।
सऊदी ऊर्जा संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाने वाले कई मिसाइल हमलों के बाद, हूती लड़ाकों ने 11 सितंबर की रात बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) पर नियंत्रण कर लिया-जो लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है।
यह घटनाक्रम सऊदी अरब के लिए एक बड़ी रणनीतिक हार है, खासकर इसलिए क्योंकि अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के कारण रियाद को अपने अधिकांश पेट्रोलियम के निर्यात के लिए बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य पर निर्भर होना पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित