रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के पुराने सभागार में गुरुवार को आयोजित 'यंग इंडियन पार्लियामेंट-2026' के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली का व्यवहारिक अनुभव प्राप्त किया। यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 11 स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचकर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विधानसभा की तर्ज पर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को सत्ता पक्ष और विपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं को सदन के समक्ष रखा। इस दौरान देश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा, बहस और तर्क-वितर्क हुए। साथ ही विधेयक प्रस्तुत करने और उसे पारित करने की संसदीय प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन की परंपराओं तथा जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री और विपक्ष में रहने के दौरान सदन में उनकी भूमिका और बैठने का स्थान किस प्रकार अलग-अलग रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को सदन की मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनप्रतिनिधियों के आचरण से जुड़े एथिक्स की भी जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित